पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम: दो परिवारों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, एक युवक की मौत; 6 आरोपी गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र से पुरानी रंजिश के चलते दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष का खौफनाक मामला सामने आया है। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर दोनों परिवार एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस बर्बर मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए लेखराम कोठारी नाम के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मृतिका के परिजनों की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या (मर्डर) का मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दूसरे पक्ष के एक ही परिवार के सभी 6 आरोपियों को धरदबोचा। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने आज इस खूनी वारदात का रूप ले लिया।

पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों के खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी तफ्तीश की जा रही है।

Share this