Anti-Drug Action News: नशे के नेटवर्क पर शिकंजे के लिए मिशन मोड में काम करेगी पुलिस, विजय शर्मा ने दिए निर्देश…NV News
Share this
Anti-Drug Action News, 13 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की जांच को मजबूत बनाने के लिए कवर्धा में राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में हुई कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और विवेचना अधिकारियों से नशे के खिलाफ कार्रवाई को महज नियमित प्रक्रिया न मानकर मिशन के रूप में लेने का आह्वान किया।
गिरफ्तारी से आगे पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई
विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि वैज्ञानिक, तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण को इतना मजबूत बनाया जाए कि न्यायालय में दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि गवाहों की अनुपस्थिति जैसी परिस्थितियों में भी उपलब्ध वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। प्रत्येक विवेचना अधिकारी को साक्ष्य जुटाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
तस्करी की पूरी चेन तक पहुंचने पर जोर
कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और दोषसिद्धि से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों, लोकेशन और आवागमन की जानकारी जुटाई जाए, ताकि तस्करी के स्रोत और गंतव्य का पता लगाया जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने भी कहा कि पुलिस को केवल सामने मौजूद आरोपी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखनी चाहिए। तस्करी की पूरी कड़ी को जोड़ते हुए नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और अंतिम स्तर तक पहुंचने का प्रयास किया जाना चाहिए। जरूरत के अनुसार सीसीटीवी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करने के भी निर्देश दिए गए।
गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर फोकस
विजय शर्मा ने कहा कि गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में अन्य राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से अवैध खेती और तस्करी के स्रोतों की पहचान करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों और जमीनी स्तर पर पुलिस की सक्रियता के बीच बेहतर समन्वय से नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से कहा कि एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई को रूटीन काम न मानें। युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाना समाज और देश की सेवा है, इसलिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई की जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
कार्यशाला के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने और आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में IG अजय यादव, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी मौजूद रहे।

