Bijapur Girls Safety News: एकलव्य विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार पर CM साय सख्त, जांच और कार्रवाई के निर्देश…NV News

Share this

NV News रायपुर। बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित वातावरण से जुड़ी किसी भी शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जांच के दौरान यदि शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने या छिपाने का प्रयास अथवा कर्तव्य में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए घर की तरह होते हैं। अभिभावक विश्वास के साथ अपने बच्चों को इन संस्थानों में भेजते हैं, इसलिए उस भरोसे की रक्षा करना शासन, प्रशासन और संस्थान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। छात्राओं को सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।

सभी जिलों में छात्रावासों का होगा निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अधीक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा, निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन तथा शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था को जांचने पर जोर दिया गया है।

बिना डर अपनी बात रख सकें छात्राएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि व्यवस्था केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नियमित निरीक्षण, छात्राओं से संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए संभावित समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय रहते रोकने की व्यवस्था विकसित की जाए। छात्राओं के लिए ऐसा माहौल बनाया जाए, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचा सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें। जरूरत पड़ने पर प्रभावित छात्राओं को काउंसलिंग और आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां निर्भय होकर पढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

Share this