साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: राजधानी रायपुर के बिजली दफ्तरों में विकास उपाध्याय ने चिपकाए विरोध के पोस्टर…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में बढ़ी बिजली की दरों और अघोषित बिजली कटौती को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ राजधानी रायपुर के डीडी नगर, खमतराई और गुढ़ियारी विद्युत जोन कार्यालयों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दफ्तरों में पोस्टर चस्पा किए। विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बिजली की दरें बढ़ाकर राज्य की जनता से जबरन ‘मोदी टैक्स’ वसूल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरकर लगातार आंदोलन कर रही है।

विद्युत जोनों में लगाए गए इन पोस्टरों में सरकार पर तंज कसते हुए “ये बिजली परान ले लेही, बीजेपी ने दिया 440 का झटका”, “बीजेपी, बिजली और बिल—साय सरकार में सब बेड फिल” तथा “चैन से सोना है तो जाग जाओ, बिजली नहीं लालटेन जलाओ” जैसे तीखे स्लोगन लिखे गए हैं। उपाध्याय ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी कड़ा विरोध जताया और इन्हें तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिल आ रहे हैं, जिससे लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से त्रस्त जनता पूरी तरह हलाकान हो चुकी है।

कांग्रेस नेता ने पिछली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक बिजली सरप्लस राज्य है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ‘बिजली बिल हाफ योजना’ से 400 यूनिट तक की छूट मिलने से हर घर को लाखों रुपये की बचत होती थी, जिसे इस सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने जनता से इस बढ़ती महंगाई और बिजली बिल की लड़ाई में कांग्रेस का साथ देने का आह्वान किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अमित शर्मा (लल्लू) सहित डॉ. अन्नू राम साहू, किशन लाल बाजारी, कमलाकान्त शुक्ला, संदीप शर्मा और बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share this

You may have missed