किसानों को सरकार का बड़ा सहारा: सहकारी समितियों में रियायती दरों पर मिल रहे खाद-बीज, खेती की लागत में आई भारी कमी…NV News
Share this
NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को बड़ी राहत दी जा रही है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों की सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को बेहद रियायती और निर्धारित दरों पर उन्नत खाद एवं बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस सुदृढ़ व्यवस्था से न केवल किसानों को समय पर कृषि सामग्रियां मिल रही हैं, बल्कि उनकी खेती की लागत में भी उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक संबल मिला है।
जिले के महाराजा चौक स्थित सहकारी समिति सहित विभिन्न केंद्रों पर प्रतिदिन सैकड़ों किसान पहुंच रहे हैं। वर्तमान में समितियों में यूरिया 266.50 रुपये, डीएपी 1350 रुपये, सुपर फॉस्फेट पाउडर 551 रुपये और नैनो यूरिया (500 एमएल) 225 रुपये जैसी निर्धारित सरकारी दरों पर दिया जा रहा है। उचित मूल्य पर इन इनपुट्स के मिलने से छोटे और सीमांत किसानों को अब कृषि कार्य के लिए खुले बाजार या साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ रही है। जशपुर के किसान रहमान साह और गिरधारी यादव ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे सारी चीजें मिलने से उनके समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।
जिला प्रशासन द्वारा खाद-बीज के सुचारू वितरण के साथ-साथ किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण और तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। कृषि विभाग ने सुचारू खेती के लिए किसानों से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और केवल अधिकृत सहकारी समितियों व पंजीकृत डीलरों से ही कृषि सामग्री खरीदें। किसी भी तरह की गड़बड़ी या किल्लत होने पर तत्काल संबंधित कृषि अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है। सरकार की इस मुस्तैदी से जशपुर सहित पूरे प्रदेश के किसानों में इस बार बेहतर फसल उत्पादन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

