CRIME CASE : नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म का केस दर्ज; सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर किया शोषण, आरोपी अधिकारी फरार!…NV News

Share this

NV News, रायपुर: राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सूरजपुर जिले में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। रायपुर की रहने वाली एक पीड़ित युवती की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामला दर्ज होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला सोशल मीडिया से शुरू हुआ था। आरोपी अधिकारी दिवाकर भास्कर ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया और उसे धोखा दे दिया, जिसके बाद पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर अपने पद से अचानक मेडिकल लीव (चिकित्सकीय अवकाश) लेकर गायब हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं और विभाग को भी इस कानूनी कार्रवाई की सूचना दे दी गई है। गंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है, पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Share this

You may have missed