PRESS CONFERENCE : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा बयान; बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में बन रहा समृद्ध और सशक्त भारत, नया भारत किसी को छोड़ता नहीं!…NV News
Share this
NV News, रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। पीएम मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सेवाकाल में देश के भीतर और वैश्विक पटल पर एक ऐसा नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार की नीतियों और विजन पर बात करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल ध्येय वाक्य के साथ आज एक समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है। देश का हर वर्ग आज सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है। पीएम मोदी के इसी सहयोगात्मक और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज दुनिया की अग्रणी महाशक्तियों की कतार में मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री साय ने भारत की मजबूत आंतरिक और विदेश नीति का जिक्र करते हुए बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने एक ऐसा ‘नया भारत’ है, जो अपनी मर्यादाओं को जानता है; यह नया भारत किसी को बेवजह कभी छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई हमारे देश की संप्रभुता और सुरक्षा को छेड़ने की गुस्ताखी करता है, तो यह मजबूत भारत उसे किसी भी कीमत पर छोड़ता भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विकास की यह रफ्तार देश को और ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

