कैनाल रोड का भारी विरोध: 1300 घर तोड़ने की तैयारी से भड़के लोग, रायपुर निगम का घेराव…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुमुख नगर पचपेड़ी नाका से भाटागांव तक बनने वाले कैनाल रोड 2.0 प्रोजेक्ट को लेकर भारी बवाल शुरू हो गया है। इस प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए इलाके के लगभग 1300 घरों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस योजना की भनक लगते ही प्रभावित परिवारों में हड़कंप मच गया और अपने आशियाने को उजड़ने से बचाने के लिए सैकड़ों पीड़ित परिवारों ने एकजुट होकर आज रायपुर नगर निगम मुख्यालय का जोरदार घेराव कर दिया।

प्रदर्शनकारी नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम और प्रशासन बिना किसी पूर्व लिखित नोटिस या सूचना के सीधे उनके इलाकों में आकर सर्वे की कार्रवाई कर रहा है। निगम दफ्तर के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए पीड़ितों ने दोटूक शब्दों में कहा कि “हमें 80 फीट की रोड नहीं चाहिए और न ही हम अपना घर छोड़ेंगे।” लोगों का कहना है कि वे सालों से इस जगह पर रह रहे हैं और बिना किसी ठोस पुनर्वास नीति या बातचीत के उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।

इस बड़े विरोध प्रदर्शन के चलते नगर निगम परिसर में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। आंदोलनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस प्रोजेक्ट को तुरंत रोकने या इसका रूट बदलने की मांग की है। वहीं, इस मामले में बैकफुट पर आए निगम प्रशासन के अधिकारी अब स्थानीय लोगों को समझाने और बीच का रास्ता निकालने की बात कह रहे हैं, लेकिन प्रभावित परिवार अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

Share this