Dhamtari Ambulance Accident: NH-30 पर डिवाइडर से टकराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी एंबुलेंस, नर्स की मौत; 3 घायल…NV News
Share this
NV News धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस में सवार नर्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर के पास हुआ, जहां रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। दुर्घटना में 35 वर्षीय नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव लेकर रायपुर से जगदलपुर लौट रही थी एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री को इलाज के लिए डिमरापाल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन राजेंद्र खत्री का शव एंबुलेंस से लेकर जगदलपुर वापस लौट रहे थे। एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के परिजन और नर्स शबनम खान भी मौजूद थीं।
संबलपुर के पास बिगड़ा एंबुलेंस का संतुलन
बताया जा रहा है कि धमतरी के संबलपुर के पास एंबुलेंस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद एंबुलेंस पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में साइड में बैठी नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राजेंद्र खत्री के परिजन घायल
हादसे में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई को चोटें आई हैं। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद यह हादसा हुआ।

