बच्चे की जान बचाकर खुद मौत के मुंह में समाया धीरज: खूंटाघाट डैम में बड़ा हादसा…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की बहादुरी ने उसकी जान ले ली। रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मशहूर पिकनिक स्पॉट खूंटाघाट डैम के पास दोस्तों की पार्टी उस वक्त मातम में बदल गई, जब वहां एक बच्चा अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। बच्चे को जिंदगी और मौत के बीच जूझता देख मौके पर मौजूद युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी।

मृतक की पहचान 20 वर्षीय धीरज रात्रे के रूप में हुई है। धीरज ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए डूब रहे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस रेस्क्यू के दौरान वह खुद को संभाल नहीं पाया। डैम के तेज बहाव और गहरे पानी के चलते धीरज खुद पानी की गहराई में समा गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद, करीब दो घंटे की कड़ी खोजबीन के बाद धीरज के शव को पानी से बाहर निकाला जा सका। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के परिवार और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Share this

You may have missed