प्रेमिका के सामने टोकने का बदला: DSP के भाई को घर में घुसकर मारा चाकू, हालत गंभीर…NV News

Share this

NV News- बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के मालिक और डीएसपी बद्री नाथ मिश्रा के भाई पशुपतिनाथ (गुड्डू) मिश्रा के घर में घुसकर कुछ अज्ञात बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ‘चाचा दरवाजा खोलो’ कहकर आवाज लगाई और जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ ठेकेदार को गंभीर हालत में इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस खौफनाक हमले के पीछे प्रेमिका के सामने टोकने का विवाद बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक को पशुपतिनाथ मिश्रा ने उसकी प्रेमिका के सामने किसी बात के लिए टोक दिया था, जिसे आरोपी ने अपनी तौहीन समझा और इसका बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला। वीआईपी परिवार से जुड़े शख्स पर हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share this