Incident: रायपुर के होटल में प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या, प्रेमी ने खुद का भी रेता गला; हालत गंभीर…NV News
Share this
NV News रायपुर, 14 अगस्त 2026 : राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज में प्रेमी युगल के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया। होटल के तृतीय तल स्थित कमरा नंबर 401 में आपसी विवाद के बाद युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या कर दी और इसके बाद खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कमरा नंबर 401 से शोर और संदिग्ध स्थिति की सूचना मिलते ही होटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। गंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा भयावह था। युवती का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था, जबकि युवक गंभीर अवस्था में तड़प रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों प्रेमी युगल के रूप में होटल में ठहरे हुए थे। शुक्रवार दोपहर किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने धारदार चाकू से युवती पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। गंज थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों की शिनाख्त की कार्रवाई के साथ ही घटना के कारणों और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

