Policing: पिता की हत्या, मां ने छोड़ा साथ: नशे और अपराध के दलदल में फंसे 10 वर्षीय बालक की ढाल बनी पुलिस…NV News
Share this
NV News राजनांदगांव, 14 अगस्त 2026 : खाकी वर्दी का कठोर चेहरा अक्सर अपराध नियंत्रण के रूप में देखा जाता है, लेकिन राजनांदगांव जिले की डोंगरगढ़ पुलिस ने संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। पुलिस ने एक 10 वर्षीय बालक के मामले में अपनी कार्रवाई को केवल कानूनी प्रक्रियाओं तक सीमित न रखते हुए उसके सुरक्षित भविष्य और पुनर्वास के लिए अनुकरणीय मानवीय पहल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस मासूम के पिता की कई वर्ष पहले हत्या हो चुकी थी, जबकि मां भी उसे अकेला छोड़कर चली गई थी। पारिवारिक और सामाजिक संरक्षण के अभाव में बालक एकाकीपन, नशे की लत और आपसी झगड़ों के गंभीर दलदल में फंस चुका था। वह कम उम्र में ही आपराधिक गतिविधियों की ओर प्रवृत्त होने लगा था और अपना जीवन अंधकारमय दिशा में ले जा रहा था।
मामले की गंभीरता और बालक की दयनीय स्थिति को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस टीम ने उसे न केवल संरक्षण में लिया, बल्कि उसकी सही काउंसलिंग कराई। पुलिस ने बालक को नशामुक्त करने, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से उसके बेहतर भविष्य, आवास एवं शिक्षा के लिए उचित व्यवस्था की है। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है।

