बिजली कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: 180 का प्रमोशन तय, 500 पदों पर होगी सीधी भर्ती…NV News

Share this

NV News- कोरबा में विद्युत उत्पादन कंपनी के संयंत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक बड़ी और बेहद खुशियों भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रयासरत विद्युत अमले को प्रबंधन की ओर से बड़ी सौगात मिली है। कंपनी ने निर्णय लिया है कि संयंत्र में पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे 180 तकनीकी कर्मचारियों को आगामी 31 मई तक पदोन्नत (प्रमोशन) दे दिया जाएगा। इस फैसले के बाद से ही कर्मचारी वर्ग में भारी उत्साह और जश्न का माहौल देखा जा रहा है।

कर्मचारियों की इस बड़ी जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए भी नौकरी का एक बड़ा अवसर खुलने जा रहा है। विद्युत उत्पादन कंपनी ने केवल प्रमोशन ही नहीं, बल्कि खाली पड़े पदों को भरने के लिए भी अपनी हरी झंडी दे दी है। प्रबंधन द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के अनुसार, कंपनी में खाली पड़े 500 तकनीकी पदों पर दिसंबर 2026 से पहले नियमित भर्ती की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।

इस दोहरे फैसले से जहाँ एक ओर वर्तमान में कार्यरत तकनीकी अमले का मनोबल बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से बिजली कंपनी में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं को भी रोजगार का सुनहरा मौका मिलेगा। नए पदों पर भर्ती होने से संयंत्रों के संचालन में भी तेजी आएगी और काम का अतिरिक्त दबाव कम होगा। इस पूरी प्रक्रिया को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए विभाग ने अपनी आंतरिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Share this