मानसून से पहले एक्शन में नगर निगम: आयुक्त संबित मिश्रा ने नाला सफाई का किया औचक निरीक्षण…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर पालिक निगम के कमिश्नर संबित मिश्रा मानसून से पहले शहर की जलभराव समस्या को दूर करने के लिए खुद मैदानी स्तर पर उतर आए हैं। उन्होंने आज अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का तूफानी दौरा किया। इस दौरान आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर कचना नाला, राजातालाब अरमान नाला, अणुव्रत नाला, कविता नगर, भावे नगर, चंडी नगर, राजीव नगर, अनुपम नगर और जगन्नाथ नगर पंडरी नाला में चल रहे बारिश पूर्व सफाई अभियान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर संबित मिश्रा ने जमीनी हकीकत देखी और काम की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को कड़े लहजे में हिदायत दी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी नालों की तली (तल्ले) तक पूरी तरह से सघन सफाई सुनिश्चित की जाए। मानसून की पहली बारिश आने से पहले ही सभी नालों के पूरे क्षेत्र में पानी की निकासी का सुगम प्रबंधन हर हाल में हो जाना चाहिए, ताकि इस बार शहरवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझना न पड़े।
इस औचक निरीक्षण के दौरान नगर निगम के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप का माहौल रहा। कमिश्नर के साथ अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, राकेश शर्मा समेत संबंधित जोनों के कार्यपालन अभियंता और जोन स्वास्थ्य अधिकारी भी फील्ड पर तैनात दिखे। अधिकारियों को दोटूक कह दिया गया है कि नाला सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

