SP की अनूठी पहल: सरकारी गाड़ी छोड़ साइकिल से दफ्तर पहुंचे कप्तान, PM मोदी की ‘ईंधन बचाओ’ अपील का दिया संदेश…NV News
Share this
NV News- कवर्धा। देश में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की सीमित उपलब्धता के बीच कबीरधाम (कवर्धा) के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार सुबह सादगी और पर्यावरण संरक्षण की एक नई मिसाल पेश की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देशवासियों से की गई ‘पेट्रोल-डीजल बचाने’ की अपील का असर अब कवर्धा की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है। एसपी धर्मेंद्र सिंह अपने लाव-लश्कर और सरकारी वाहन को छोड़कर साइकिल चलाते हुए कार्यालय पहुंचे, जिसे देख शहरवासी दंग रह गए।
अधिकारियों ने भी दिया साथ
कप्तान की इस पहल में उनके अधीनस्थ अधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पुष्पेंद्र बघेल सहित जिले के कई राजपत्रित अधिकारी और पुलिस कर्मचारी भी साइकिल से ही ड्यूटी पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का यह काफिला जब शहर के मुख्य मार्ग से गुजरा, तो यह पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
पहल के पीछे का मुख्य उद्देश्य
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने इस दौरान संदेश दिया कि साइकिल चलाना न केवल ईंधन की बचत के लिए जरूरी है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा:
“प्रधानमंत्री जी की अपील और वर्तमान समय में ईंधन की खपत को देखते हुए हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव करने की जरूरत है। साइकिल चलाने से हम फिट रहते हैं और प्रदूषण कम करने में भी योगदान देते हैं।”
शहर में मिल रही सराहना
सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक पुलिस कप्तान की इस सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि जब जिले का सबसे बड़ा पुलिस अधिकारी इस तरह की पहल करता है, तो इसका सकारात्मक संदेश आम जनता और युवाओं तक पहुंचता है। कवर्धा पुलिस की इस ‘साइकिल वाली ड्यूटी’ ने न केवल पेट्रोल-डीजल बचाने का पाठ पढ़ाया, बल्कि फिट रहने का मंत्र भी दिया है।

