मानसून पूर्व तैयारी: जोन 4 में जलभराव रोकने और पेयजल आपूर्ति को लेकर मंथन; कल इंडोर स्टेडियम में सजेगा ‘सुशासन तिहार’ का शिविर…NV News
Share this
NV News- रायपुर। राजधानी रायपुर में मानसून की आहट और भीषण गर्मी के बीच नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देशानुसार आज नगर निगम जोन 4 कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बारिश के पूर्व जलभराव की समस्या का स्थायी निदान करने और गर्मी में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
नालों की सफाई और पेयजल पर जोर
बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी सहित पार्षद अजय साहू और श्रीमती अर्जुमन एजाज ढेबर ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी बड़े नालों और नालियों की सघन सफाई अभियान चलाकर पूरी की जाए। साथ ही, गर्मी के प्रकोप को देखते हुए वार्डों में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर सतत मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
14 मई को ‘सुशासन तिहार 2026’ का भव्य आयोजन
बैठक का एक मुख्य केंद्र राज्य शासन के निर्देश पर आयोजित होने वाला “सुशासन तिहार 2026” रहा। जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी और अन्य अधिकारियों के साथ मंथन करते हुए बताया गया कि कल, 14 मई 2026 (गुरुवार) को राजधानी के इंडोर स्टेडियम में विशाल शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य जनहित की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुँचाना है।
अधिकारियों को समन्वय के निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह और अन्य तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। जोन अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को वार्ड पार्षदों के सुझावों पर प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारा जा सके।

