सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री: कल लेंगे शपथ, सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई…NV News
Share this
NV News Raipur- पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के साथ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है। सुवेंदु कल सुबह 10 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए (NDA) के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की पुष्टि हुई है। सुवेंदु के नेतृत्व में बंगाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुवेंदु अधिकारी को इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट के जरिए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और सुवेंदु के सक्षम नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण, भय और अराजकता की राजनीति से पूरी तरह मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी का समृद्ध राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण बंगाल के समग्र विकास को एक नई गति प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल अब सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में नए आयाम स्थापित करने के लिए तैयार है। सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की खबर से छत्तीसगढ़ सहित देश भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सुवेंदु के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर बंगाल के हर नागरिक तक पहुँचाना होगा।
