मानव तस्करी का बड़ा मामला: नौकरी के नाम पर झारखंड में बंधक बनाई गईं 35 युवतियां, वीडियो के जरिए मांगी मदद…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के कांकेर और धमतरी जिले से मानव तस्करी की एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ करीब 35 युवतियों को अच्छी नौकरी और ऊंचे वेतन का लालच देकर झारखंड ले जाया गया। झारखंड पहुँचने के बाद इन युवतियों को वहां के एक निजी प्रतिष्ठान में बंधक जैसी स्थितियों में फंसा लिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक साहसी युवती ने छिपकर एक वीडियो बनाया और अपने परिचित को भेजकर आपबीती सुनाई। वीडियो में युवतियों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू करने की गुहार लगाई है।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया और स्थानीय प्रशासन तक पहुँचा, कांकेर पुलिस और जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए हड़कंप मच गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इन युवतियों को एक एजेंट के माध्यम से ले जाया गया था जिसने उन्हें सुनहरे भविष्य के सपने दिखाए थे। युवती द्वारा भेजे गए वीडियो में वहां की अमानवीय स्थितियों और जबरन काम कराने के संकेतों ने मानव तस्करी के इस बड़े रैकेट की पोल खोल दी है। घटना के बाद पीड़ित परिजनों में भारी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।
प्रशासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड पुलिस से संपर्क साधा है और एक विशेष टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस उन एजेंटों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने इन मासूम युवतियों को झांसे में लेकर राज्य से बाहर भेजा था। मुख्यमंत्री कार्यालय से भी मामले की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर सभी युवतियों को सुरक्षित वापस उनके गृह जिले में लाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
