धार्मिक आस्था के नाम पर ‘बड़ा खेल’: प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की ‘शिवपुराण कथा’ आयोजित कराने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की ‘भोलेनाथ सेवा समिति’ ने छुरिया ब्लॉक के हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर 21 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। श्रद्धा और विश्वास के नाम पर हुए इस बड़े फर्जीवाड़े की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुँचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी दिनेश साहू ने पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का समय दिलाने और आयोजन की औपचारिकताएं पूरी करने का झांसा देकर समिति से किस्तों में कुल 21 लाख रुपये वसूल लिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कथा की तारीख तय नहीं हुई और आरोपी टाल-मटोल करने लगा, तब समिति को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी दिनेश साहू के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
धार्मिक आयोजनों के नाम पर ठगी का यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की टीम आरोपी की तलाश और मामले की गहराई से जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य समिति या व्यक्ति को भी अपना शिकार बनाया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों और धार्मिक समितियों से अपील की है कि वे किसी भी बड़े आयोजन के लिए केवल अधिकृत माध्यमों से ही संपर्क करें और लेन-देन में सावधानी बरतें।
