Photography News: मुंगेली के शुभम सिंह ठाकुर ने जीता ‘फोटो उत्सव 2026’ का प्रथम पुरस्कार…NV News

Share this

NV News रायपुर, 19 अगस्त 2026। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित “फोटो उत्सव 2026” में मुंगेली जिले के युवा फोटोग्राफर शुभम सिंह ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से मुंगेली जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

रायपुर के बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 350 से अधिक फोटोग्राफरों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को DSLR और मिररलेस कैमरों से ऑन-द-स्पॉट फोटोग्राफी करने का अवसर दिया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “Colors of Sawan” रखी गई थी, जिसमें सावन, बारिश, हरियाली, प्रकृति, त्योहार और ग्रामीण जीवन से जुड़े दृश्यों को कैमरे में कैद करना था।

शुभम सिंह ठाकुर ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मक फोटोग्राफी और बेहतर दृष्टिकोण के लिए शुभम सिंह ठाकुर को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें कार्यक्रम में प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ 10 सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए थे। विजेताओं को कुल 50 हजार रुपये से अधिक के पुरस्कार प्रदान किए गए।

पुरस्कार मिलने के बाद शुभम सिंह ठाकुर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए फोटोग्राफी सिर्फ तस्वीर खींचने का माध्यम नहीं है, बल्कि किसी पल, भावना और कहानी को कैमरे में सहेजने का जरिया है। उनकी इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि छोटे शहरों और जिलों से आने वाले प्रतिभाशाली युवा भी अपनी कला और हुनर के दम पर प्रदेश स्तर पर पहचान बना सकते हैं।

Share this