स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों पर रायपुर नगर निगम जोन 8 में समीक्षा बैठक, राजेश्वरी पटेल ने घर-घर जाकर किया मकान सूचीकरण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण…NV News
Share this
NV News- रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देशानुसार, नगर निगम जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 की तैयारियों को लेकर जोन कार्यालय में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जोन कमिश्नर ने जोन 8 के स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 7 वार्डों में सफाई व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए। उन्होंने वार्डों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त बनाने और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए पुख्ता तैयारियां सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी सिटी प्रोफाइल स्थलों की लगातार सघन सफाई कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे वार्डवासियों को जागरूक करें ताकि वे स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में अपना स्वच्छता फीडबैक दर्ज करा सकें। उन्होंने रायपुर नगर निगम के हित में नागरिकों से स्वच्छता फीडबैक देने के लिए विनम्र अपील करने की बात कही, जिससे शहर की रैंकिंग में और सुधार हो सके।
बैठक के पश्चात नगर निगम जोन 8 की जनगणना चार्ज अधिकारी राजेश्वरी पटेल ने जोन क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने वहां घर-घर जाकर जनगणना पर्यवेक्षकों और प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य की प्रगति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। मौके पर ही उन्होंने काम की बारीकी से समीक्षा की और फील्ड पर मौजूद कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी तरह से त्रुटिरहित कार्य संपन्न करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
