विकासात्मक सौगात: 43 लाख के नए कार्यों का भूमिपूजन, चंगोराभाठा को जुलाई तक मिलेगा पेयजल संकट से स्थायी छुटकारा…NV News

Share this

NV News- रायपुर। राजधानी के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 68 (डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड) में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने क्षेत्रवासियों को लगभग 43 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए भूमिपूजन किया। इन कार्यों में 20 लाख रुपये की लागत वाली नई पाइपलाइन, सामुदायिक भवन शेड और नालियों का निर्माण शामिल है, जिससे पुराना चंगोराभाठा क्षेत्र की जनसुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुनील सोनी ने चंगोराभाठा क्षेत्र में गहराते जल संकट पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय पर जानकारी न देने के कारण इस गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चंगोराभाठा और रायपुरा जलागार के कमांड एरिया को अलग करने का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि चंगोराभाठा में शासकीय भूमि उपलब्ध होते ही मंडी बोर्ड के माध्यम से नया बाजार विकसित किया जाएगा, ताकि सड़क पर लगने वाली सब्जी मंडी से यातायात की समस्या खत्म हो सके।

महापौर मीनल चौबे ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जुलाई 2026 तक पेयजल समस्या का स्थायी निदान कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे कमांड एरिया पृथक्करण का कार्य शुरू हो चुका है। महापौर ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए वार्डवासियों से अपने घरों में अनिवार्य रूप से ‘रेन वाटर हार्वेस्टिंग’ सिस्टम लगवाने की अपील की, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भूजल स्तर सुरक्षित रहे।

विधायक सुनील सोनी ने कहा कि संतोषी नगर, मठपुरैना और चंगोराभाठा जैसे आउटर क्षेत्रों में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और इन क्षेत्रों को तेजी से विकसित किया जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद दुर्गा यादराम साहू, जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। वार्ड पार्षद ने त्वरित विकास कार्यों के लिए विधायक और महापौर का आभार व्यक्त किया।

Share this

You may have missed