दहेज की बलि: दो सगे भाइयों ने अपनी पत्नियों पर तलवार से किया हमला, पुलिस की लापरवाही के बाद एसएसपी ने दिए जांच के आदेश…NV News
Share this
बिलासपुर। न्यायधानी के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में दो सगी बहनों पर उनके ही पतियों द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर दो सगे भाइयों ने अपनी पत्नियों (जो खुद भी सगी बहनें हैं) पर तलवार से वार किया। इस हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने मदद करने के बजाय पीड़ितों को पुराने विवाद का हवाला देकर थाने से लौटा दिया, जिसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचा।
पीड़ित बहनों, पायल और अंजना लोनिया ने बताया कि उनका विवाह ग्राम करही के दो सगे भाइयों के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार कीमती सामान और नकदी की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर विवाद बढ़ा और दोनों भाइयों ने घर में रखी तलवार निकाल ली। सरेराह हुए इस हमले में दोनों बहनों को गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह जान बचाकर वे थाने पहुँचीं, लेकिन कोनी पुलिस का रवैया संवेदनहीन रहा।
पीड़िताओं के अनुसार, जब वे शिकायत लेकर कोनी थाना पहुँचीं, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुनने के बजाय इसे पुराना पारिवारिक विवाद बताकर उन्हें वापस भेज दिया। न्याय न मिलने पर पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लिया और कोनी पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज जैसी कुप्रथा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद अब पीड़ितों को न्याय की उम्मीद जगी है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर काफी रोष है कि तलवार जैसे घातक हथियार से हमला होने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने इसे गंभीरता से क्यों नहीं लिया।
