Chhattisgarh Development News: दंतेवाड़ा में निर्माण कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समय-सीमा पर डिप्टी CM अरुण साव के सख्त निर्देश…NV News

Share this

NV News दंतेवाड़ा, 11 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता से समझौता नहीं, देरी पर तय होगी जवाबदेही

अरुण साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों समेत अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाकर परिणाम आधारित काम करना होगा। अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों और परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित तथा नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाए रखने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

PM आवास और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन मकानों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं जल जीवन मिशन की पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने को कहा। उन्होंने प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार

अरुण साव ने कहा कि बारिश समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और अपने दायित्वों का सक्रियता, गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed