खूनी रंजिश: विवाद सुलझाने बुलाया और चचेरे भाई की गला रेतकर कर दी हत्या, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News- बिलासपुर। न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका चौक के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ युवती से बातचीत और पुरानी रंजिश के चलते उपजे विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाकर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की धारदार चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी आशीष सूर्यवंशी और उसके साथियों का मृतक के भाई से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। समझौते के नाम पर आरोपियों ने उसे मोपका चौक के पास बुलाया। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। अपने भाई को संकट में देख चचेरा भाई जब उसे बचाने के लिए बीच में आया, तो आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए और गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी आशीष सूर्यवंशी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस अब फरार अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक मोपका चौक पर हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेराह गला रेतकर हत्या करने की इस घटना से नागरिकों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
