दक्षिण में विकास की सौगात: 32 लाख के कार्यों का भूमिपूजन, विधायक सोनी और महापौर चौबे ने दी वार्ड 57 को नई सुविधा… NV News

Share this

NV News- रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 57 में विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे ने संयुक्त रूप से वार्ड के 7 विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख रुपये की लागत से होने वाले नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वार्ड 57 के पार्षद व एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, रायपुर शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। भीषण गर्मी और तपिश को देखते हुए उन्होंने नई सीसी सड़कों के निर्माण के बाद ‘तराई’ (Curing) के कार्य को पूरी सतर्कता से करने को कहा, ताकि सड़कों की गुणवत्ता और मजबूती बनी रहे। वहीं, महापौर मीनल चौबे ने विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि स्वीकृत विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

वार्ड 57 के पार्षद अमर गिदवानी ने बताया कि इस राशि से नाली निर्माण, सीसी रोड और सामुदायिक भवन जैसे बुनियादी सुविधाओं के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने विधायक और महापौर का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की यह श्रृंखला जारी रहेगी। कार्यक्रम में जोन 4 की कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नई पहल का स्वागत किया।

Share this

You may have missed