रायपुर दक्षिण में विकास की बयार: विधायक सुनील सोनी ने दी 50 लाख के कार्यों की सौगात, बाल कल्याण परिषद ने किया अभिनंदन…NV News
Share this
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कायाकल्प की दिशा में विधायक श्री सुनील सोनी ने आज एक बड़ी पहल की है। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 के अंतर्गत आने वाले तीन प्रमुख वार्डों—ब्राम्हणपारा, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार और मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड में विधायक निधि से लगभग 50 लाख रुपये की लागत वाले 6 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर इन कार्यों की नींव रखी, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सशक्तिकरण और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए विधायक सुनील सोनी ने सप्रे शाला परिसर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के नए भवन निर्माण का कार्यारंभ किया। 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के निर्माण से परिषद के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है। इस अवसर पर परिषद के महासचिव श्री चंद्रेश शाह और कोषाध्यक्ष श्रीमती इंदिरा जैन ने विधायक का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। श्री सोनी ने परिसर में संचालित दिव्यांग स्कूल का भी अवलोकन किया और संचालकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक निधि मद से जिन अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की गई है, उनमें जिला अस्पताल कालीबाड़ी में जनऔषधालय हेतु कक्ष निर्माण, पुलिस हुडको कॉलोनी में रंगमंच निर्माण, और सदर बाजार वार्ड में 15 लाख की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा पुरानी बस्ती स्थित सरस्वती कन्या शाला के पीछे 11.69 लाख की लागत से नवीन आंगनबाड़ी भवन और सप्रे शाला मैदान में वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण (9.80 लाख रुपये) का कार्य भी शुरू कराया गया है।
इस अवसर पर जोन 4 के अध्यक्ष श्री मुरली शर्मा ने विधायक सुनील सोनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दक्षिण विधानसभा के वार्डों के विकास के लिए अब कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रहेगा। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री अमर गिदवानी, ब्राम्हणपारा पार्षद श्री अजय साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य जन उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा।
