Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana Fraud: जिंदा ग्रामीणों को मृत बताकर 2-2 लाख के बीमा क्लेम हड़पने का मामला, मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के कबीरधाम तक पहुंचा फर्जीवाड़ा…NV News
Share this
NV News: सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाई जाने वाली योजनाओं में किस हद तक फर्जीवाड़ा किया जा सकता है, इसका एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत कथित फर्जीवाड़े की जांच की आंच अब मध्य प्रदेश से होते हुए छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले तक पहुँच गई है। यहाँ कागजों में जिंदा ग्रामीणों को मृत बताकर उनके नाम पर 2-2 लाख रुपये के बीमा क्लेम निकाले जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है।
जिंदा निकले ग्रामीण, परिजनों ने दी जानकारी
इस पूरे फर्जीवाड़े की कलई तब खुली जब दस्तावेजों की जांच की गई। हैरानी की बात यह है कि जिन तीन ग्रामीणों को कागजों में मृत घोषित कर दिया गया था, उनमें से दो ग्रामीण अपने घरों में पूरी तरह सकुशल और जीवित मिले। वहीं, तीसरे ग्रामीण के परिजनों ने बताया कि उनकी मौत नहीं हुई है, बल्कि वह रोजी-रोटी कमाने के सिलसिले में रायपुर गए हुए हैं।
प्रभावित ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि न तो उन्हें कभी इस बीमा योजना के बारे में कोई जानकारी थी और न ही उन्हें कभी इसके तहत कोई पैसा मिला। उनके नाम पर यह बीमा किसने और कैसे कराया तथा फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर दो-दो लाख रुपये का क्लेम किसने डकारा, यह अब जाँच का विषय बन गया है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और पुलिस तथा संबंधित विभाग इसकी गहराई से छानबीन कर रहे हैं।

