T20 match: स्मृति–शेफाली की तूफानी ओपनिंग से भारत की बड़ी जीत, हरमनप्रीत ने दिया श्रेय
Share this
तिरुवनंतपुरम। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 30 रन की शानदार जीत का श्रेय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को दिया। दोनों खिलाड़ियों की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया।
मैच में शुरुआती तीन मुकाबलों में असफल रहीं स्मृति मंधाना ने जबरदस्त वापसी करते हुए 48 गेंदों में 80 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं शेफाली वर्मा ने 46 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 162 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
सलामी जोड़ी की इस शानदार शुरुआत के बाद ऋचा घोष ने महज 16 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 53 रन की अटूट साझेदारी कर भारत को दो विकेट पर 221 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा,
“इस जीत का पूरा श्रेय शेफाली और स्मृति को जाता है। उन्होंने हमें शानदार शुरुआत दिलाई। बाद में ऋचा और मैंने पारी को अच्छे से फिनिश किया।”
इस मुकाबले में हरलीन देओल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। इस पर हरमनप्रीत ने स्पष्ट किया कि,
“हम हरलीन को बल्लेबाजी का मौका देना चाहते थे, लेकिन स्मृति और शेफाली की जबरदस्त शुरुआत के बाद हमें तेज रन बनाने के लिए ऋचा को जल्दी भेजना पड़ा। इसी कारण हरलीन बल्लेबाजी नहीं कर सकीं।”
भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन से सीरीज में टीम का मनोबल और आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
