जशपुर को मिली खेलों की बड़ी सौगात: 20.53 करोड़ की अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी

Share this

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी (आर्चरी सेंटर) के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से 20.53 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह तीरंदाजी अकादमी विश्व स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं से लैस होगी, जहाँ खिलाड़ियों को आधुनिक उपकरण, इनडोर और आउटडोर रेंज, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर एवं छात्रावास जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। अकादमी के निर्माण से जिले के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

नई अकादमी जशपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को वैश्विक मंच तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और सशक्त उदाहरण है।

इस परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे युवा तीरंदाजों को बेहतर मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और अभ्यास का अवसर मिलेगा। अकादमी के निर्माण से न केवल जशपुर की खेल पहचान मजबूत होगी, बल्कि यह पूरे देश के उभरते तीरंदाजों के लिए एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित होगी।

एनटीपीसी लिमिटेड के CSR सहयोग से बनने वाली इस अकादमी को लेकर जिले के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share this

You may have missed