अमित शाह का बड़ा ऐलान: 31 मार्च 2026 तक खत्म होगा नक्सलवाद, दिसंबर 2030 तक बस्तर बनेगा विकसित आदिवासी जिला
Share this
बस्तर ओलंपिक के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा और निर्णायक बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का अंत अब निश्चित है और 31 मार्च 2026 तक पूरा देश नक्सलमुक्त हो जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक इस बात का प्रतीक है कि क्षेत्र में शांति और विकास लौट रहा है। इस आयोजन में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि सरकार की पुनर्वास नीति सफल हो रही है और लोग मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बस्तर में अब भय का माहौल समाप्त हो चुका है और यह क्षेत्र विकास का पर्याय बनता जा रहा है।
2030 तक बस्तर बनेगा देश का सबसे विकसित आदिवासी जिला
अमित शाह ने बस्तर को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि दिसंबर 2030 तक बस्तर देश का सबसे विकसित आदिवासी जिला बनेगा। साथ ही अगले पांच वर्षों में बस्तर को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि वनोपज के प्रोसेसिंग के लिए यहां यूनिट लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों के लिए बेहतर और सम्मानजनक पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
नक्सलियों से की मुख्यधारा में लौटने की अपील
गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सली लंबे समय तक नाग बनकर बैठे रहे, लेकिन अब वह दौर खत्म हो रहा है। उन्होंने बचे हुए नक्सलियों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और सम्मानजनक जीवन जिएं।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में बस्तर के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में हिस्सा लेंगे। खेलो इंडिया ट्राइबल के लिए छत्तीसगढ़ को चुना जाना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
सीएम और डिप्टी सीएम से नक्सल उन्मूलन पर चर्चा
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम से मुलाकात कर नक्सल उन्मूलन सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन किए और फिर बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल हुए।
