गरियाबंद में नक्सलवाद पर बड़ी चोट: 5-5 लाख के इनामी दो हार्डकोर नक्सलियों ने किया सरेंडर

Share this

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गरियाबंद जिले में दो हार्डकोर नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनों नक्सलियों पर पहले से ही 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सूत्रों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले दोनों नक्सली लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़े हुए थे और कई बड़ी मुठभेड़ों में शामिल रह चुके हैं। इन पर दर्जनों गंभीर नक्सली घटनाओं में संलिप्त रहने के आरोप हैं। उनके सरेंडर से नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

कई मुठभेड़ों में रहे शामिल

जानकारी के अनुसार, दोनों नक्सली सुरक्षा बलों के साथ हुई कई मुठभेड़ों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे संगठन के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट, हथियारों की आवाजाही और स्थानीय नेटवर्क मजबूत करने का काम कर रहे थे।

 

पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी

सरेंडर के बाद दोनों नक्सलियों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के जरिए यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके संपर्क में कौन-कौन से अन्य नक्सली हैं और उन्होंने किन इलाकों में नक्सली गतिविधियों को अंजाम दिया है।

 

बैठक के बाद हुआ सरेंडर

बताया जा रहा है कि नक्सलवाद को लेकर जिले में हुई उच्चस्तरीय बैठक के कुछ ही देर बाद यह सरेंडर हुआ। यह बैठक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर आयोजित की गई थी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल रहे।

सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि यह सरेंडर नक्सल विरोधी अभियान के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इससे क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में अहम कदम साबित होगा।

Share this

You may have missed