CG Police 60वां DG-IG सम्मेलन: PM मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में सुरक्षा चाक-चौबंद, 2000 से ज्यादा जवान तैनात
Share this
रायपुर। राजधानी के नवा रायपुर, अटल नगर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय डीजी-आईजी सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) परिसर में होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में बहु-स्तरीय सुरक्षा तंत्र लागू किया गया है।
यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ इस प्रतिष्ठित पुलिस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
सम्मेलन के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, विशेष सुरक्षा यूनिट्स और प्रशिक्षित जवान तीनों दिनों तक हाई अलर्ट पर रहेंगे। 38 वरिष्ठ आईपीएस और एसपीएस अधिकारी अलग-अलग सेक्टरों में सुरक्षा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
एसएचओ, थानेवार टीमें और स्पेशल टास्क फोर्स भी लगातार क्षेत्र का रिव्यू कर रही है। वहीं एसपीजी और आईबी ने संयुक्त रूप से हाई-लेवल काउंटर-मेज़र प्रोटोकॉल तैयार किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
पूरे ऑपरेशन की कमान एडीजीपी प्रशिक्षण दिपांशु काबरा के पास है। उनके साथ रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, पुलिस अकादमी निदेशक आईजी अजय यादव, डीआईजी प्रशांत अग्रवाल, डीआईजी अमित तुकाराम कंबले और डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी ड्यूटी पर तैनात हैं।
सात एसएसपी-एसपी और 25 एसपीएस अधिकारी रूट ऑडिट, तैनाती सत्यापन और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं।
इसी क्रम में रायपुर के सी-4 सिविल लाइन्स में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, वीवीआईपी मूवमेंट, संचार व्यवस्था और वाहनों की आवाजाही पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी प्रशांत अग्रवाल ने जवानों को निर्देश दिया है कि वीवीआईपी मार्गों को पूरी तरह बाधारहित रखा जाए और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्टिंग की जाए।
वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने नवा रायपुर इलाके में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध माना एयरपोर्ट से स्पीकर हाउस और IIM तक आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा। सभी विभागों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए हैं।
