Bihar Election 2025: पहले चरण में 64.46% मतदान, जनता में दिखा जबरदस्त उत्साह

Share this

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 64.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि जहां मतदाता अब भी कतार में मौजूद थे, वहां वोटिंग जारी रखी गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद गुंज्याल ने बताया कि “पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान अभी भी चल रहा है और अंतिम आंकड़े आने के बाद प्रेस नोट जारी किया जाएगा।”

1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद

पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं।

इस चरण में 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए और 19 सीटें अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित थीं।

कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे —

पुरुष मतदाता: 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325

महिला मतदाता: 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219

थर्ड जेंडर मतदाता: 758

 

चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक मतदान सुविधाएँ उपलब्ध कराईं।

कौन बनेगा बिहार का चेहरा? आज की वोटिंग तय करेगी बड़ी भूमिका

राज्य की राजनीति में आज की वोटिंग को बेहद निर्णायक माना जा रहा है।

2020 के विधानसभा चुनावों में महागठबंधन (राजद नेतृत्व में) ने बढ़त बनाई थी, जबकि एनडीए को 55 सीटें मिली थीं।

इस बार भी मुकाबला बेहद रोमांचक बना हुआ है —

कई मंत्रियों और दिग्गज नेताओं के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और उनके भाई तेज प्रताप यादव की किस्मत इसी चरण में तय होगी। वहीं, चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (जन सुराज पार्टी) को इस बार का ‘एक्स फैक्टर’ बताया जा रहा है।

प्रशांत किशोर ने मतदान के बाद कहा —

“पिछले 30 वर्षों में यह सबसे ज्यादा मतदान है, जो इस बात का संकेत है कि बिहार में बदलाव की बयार चल पड़ी है। 14 नवंबर को नई व्यवस्था आकार लेगी।”

जनता का जोश और बदलाव की उम्मीद

बिहार के मतदाताओं में इस बार जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लंबी कतारों में खड़े मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उच्च मतदान प्रतिशत इस बार के परिणामों को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है।

Share this

You may have missed