Mirzapur Train Accident: कालका एक्सप्रेस की चपेट में आए श्रद्धालु, 6 की दर्दनाक मौत, चुनार स्टेशन पर मचा हड़कंप

Share this

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। बुधवार सुबह चुनार रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा हो गया। हावड़ा से कालका जा रही कालका एक्सप्रेस ट्रेन (Kalka Express) की चपेट में आने से 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। श्रद्धालु प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर ट्रेन से उतरने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 3 की ओर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही हावड़ा-कालका एक्सप्रेस वहां से निकली और कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि शवों के टुकड़े ट्रैक पर बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को इकट्ठा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, कालका एक्सप्रेस का चुनार में कोई स्टॉपेज नहीं था, और हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। श्रद्धालु ट्रेन की गति का अंदाजा नहीं लगा पाए और ट्रैक पार करते समय यह बड़ा हादसा हो गया।

घटना के बाद चुनार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में दहशत का माहौल है। पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है।

Share this

You may have missed