भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार: ठेकेदार से रिश्वत मांगने वाला PWD इंजीनियर एसीबी के हत्थे चढ़ा
Share this
Chhattisgarh: रिश्वतखोरी में PWD का सब इंजीनियर रंगे हाथों गिरफ्तार, ठेकेदार से मांगा था ₹21,000 कमीशन
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बंजारे ने ठेकेदार अंकित मिश्रा से बिल पास कराने के बदले ₹21,000 की रिश्वत की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार कई दिनों से बिल पास करवाने के लिए विभाग के चक्कर काट रहा था, लेकिन सब इंजीनियर ने भुगतान के लिए कमीशन की मांग की। इससे परेशान होकर ठेकेदार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही बंजारे ने घूस की रकम ली, टीम ने उन्हें केमिकल लगे नोटों के साथ मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने अभियुक्त के आवास पर भी तलाशी ली, जहाँ से बेहिसाब संपत्ति और संदिग्ध दस्तावेज मिलने की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी रही। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद विभागीय अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
