Women Empowerment: अवैध कच्ची शराब के खिलाफ महिलाओं का निर्णायक आंदोलन, कलेक्टर–SP को सौंपा ज्ञापन

Share this

जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत चंडीपारा में अवैध कच्ची शराब की बिक्री से त्रस्त महिलाओं ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। चंडी महिलाशक्ति संगठन के नेतृत्व में करीब 50 से अधिक महिलाओं ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

 

अवैध शराब से बिगड़ रहा सामाजिक माहौल

महिलाओं का कहना है कि गांव में खुलेआम बिक रही कच्ची शराब के कारण सामाजिक वातावरण लगातार खराब हो रहा है। शराब की लत से घरेलू हिंसा बढ़ रही है, आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और इसका सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

 

सरपंच ने बताया महिलाओं का कदम क्रांतिकारी

इस मौके पर ग्राम पंचायत चंडीपारा के सरपंच तोषित रात्रे ने महिलाओं की इस पहल को “क्रांतिकारी कदम” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन से गांव में शांति व्यवस्था सुदृढ़ होगी और नशामुक्त वातावरण का निर्माण संभव होगा। सरपंच ने प्रशासन के सहयोग से आंदोलन को सफल बनाने का भरोसा भी दिलाया।

 

नशे का दुष्प्रभाव बच्चों तक पहुंचना गंभीर चिंता : डॉ. कश्यप

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत कश्यप ने महिलाओं के आक्रोश को पूरी तरह जायज बताते हुए कहा कि नशे का दुष्प्रभाव बच्चों तक पहुंचना समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई कर महिलाओं को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की।

 

पहली बार इतनी संगठित दिखी गांव की नारी शक्ति : विनय गुप्ता

आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव, सामाजिक कार्यकर्ता एवं चंडीपारा निवासी विनय गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पहली बार गांव की नारी शक्ति को इस तरह संगठित, जागरूक और संघर्षशील रूप में देखा है। उन्होंने अवैध शराब विक्रेताओं से गैरकानूनी कारोबार छोड़कर गांव की सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने की अपील की।

 

यह लड़ाई सम्मान और नशामुक्त गांव के लिए : पंचबाई डहरिया

चंडी महिला समिति की प्रमुख पंचबाई डहरिया ने साफ कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए है। उन्होंने दो टूक कहा कि महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगी।

 

बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रीमती अनुसुइया रात्रे, सावित्री महंत, हेमलता सोनी, धनबई कश्यप, सुखमति यादव, चंद्रिका सिदार, शांति टंडन, लक्ष्मी सिदार, शीला खन्ना, सुनीता दिवाकर, अनीता मिरी, मालती अंचल, सुशीला खरे, कीर्तन खरे सहित बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाएं उपस्थित रहीं।

प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं ने उम्मीद जताई कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Share this