केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर पहुंचेगे, कल जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक समापन समारोह में होंगे शामिल
Share this
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आज शुक्रवार शाम राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शनिवार दोपहर 12 बजे वे जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात गृहमंत्री शाह सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ समारोह में बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार बस्तर के गांव-गांव तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश के साथ-साथ देश के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य आयोजन
बस्तर ओलंपिक का तीन दिवसीय आयोजन इंदिरा स्टेडियम में गुरुवार से शुरू हो चुका है। इस आयोजन में बस्तर संभाग के सातों जिलों के अलावा विशेष ‘नुआ बाट’ टीम सहित कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। लगभग 3500 खिलाड़ी 11 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस मेगा इवेंट में न सिर्फ 276 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा, बल्कि ओवर ऑल चैंपियनशिप और प्रत्येक जिले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी विशेष सम्मान मिलेगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में नक्सल पीड़ित और सरेंडर नक्सली भी भाग ले रहे हैं, जिससे खेल के माध्यम से बस्तर में सामाजिक समरसता की नई मिसाल देखने को मिल रही है।
