12 राज्यों में SIR प्रक्रिया का आज आखिरी दिन, 16 दिसंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
Share this
नई दिल्ली: देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज विशेष मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया का अंतिम दिन है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने नाम की पुष्टि करने, नई प्रविष्टि जोड़ने, पुराने विवरण सुधारने या मृत/डुप्लीकेट नाम हटाने का मौका देना है।
कहां-कहां चल रही प्रक्रिया?
SIR फॉर्म जमा करने की आज अंतिम तिथि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में है—
लक्षद्वीप, गोवा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, गुजरात, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार, केरल और उत्तर प्रदेश।
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पूरे दिन जमा किए गए फॉर्म की डिजिटाइजेशन और प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए।
ड्राफ्ट मतदाता सूची 16 दिसंबर को आएगी
SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। यह अस्थायी सूची होगी, जिसमें सुधार और बदलाव शामिल होंगे।
यदि किसी व्यक्ति का नाम इस लिस्ट में नहीं मिलता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ड्राफ्ट लिस्ट में आगे सुधार किए जा सकते हैं।
फॉर्म न भरने पर न दंड, न कार्रवाई
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR फॉर्म सबमिट न करने पर किसी भी नागरिक पर न तो कोई कानूनी कार्रवाई होगी, न ही कोई आर्थिक दंड लगाया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह से मतदाता सूची को अद्यतन और सटीक बनाने के लिए है, न कि किसी को दंडित करने के लिए।
