हसदेव नदी में नहाने गए तीन बच्चे लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
Share this
जांजगीर-चांपा। जिले के हनुमानधारा क्षेत्र में रविवार की शाम बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हसदेव नदी में नहाने गए तीन बच्चे रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर बच्चों की साइकिल, कपड़े, मोबाइल और चप्पल मिलने से आशंका मजबूत हो गई है कि तीनों बच्चे नदी में डूब गए हों।
लापता बच्चों की पहचान नेलशन एक्का, युवराज राठौर और रुद्र सिंह राज के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं, जिनमें एक बच्चे का पिता ASI के पद पर पदस्थ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी। हालांकि अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। DDRF टीम मौके पर पहुंच चुकी है, जबकि बिलासपुर से SDRF टीम को भी बुलाया गया है। सुबह से दोनों टीमें बच्चों की तलाश में पूरी ताकत से जुटेंगी।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और आसपास मिले सामानों के आधार पर तलाशी शुरू की है। परिवारों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है। फिलहाल तीनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
