पति-पत्नी की संदिग्ध मौत: पत्नी की हत्या कर पति ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। यह घटना सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, चंडी नगर निवासी राजन गुप्ता नाम के व्यक्ति ने किसी विवाद के चलते अपनी पत्नी रेखा गुप्ता की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद राजन गुप्ता घर से निकलकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति और पत्नी दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को राजन गुप्ता के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसमें क्या लिखा है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।
