Suicide Case: प्रेमिका की शादी तय होते ही युवक ने की खुदकुशी, मौत से पहले बनाया भावुक वीडियो
Share this
रायगढ़। प्रेम संबंध में मिले धोखे से आहत एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने टूटे दिल और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने प्रेमिका और उसके होने वाले पति को इस आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नयागंज निवासी अभिषेक देवांगन का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले तक दोनों शादी को लेकर सहमत थे और युवती ने अभिषेक के साथ शादी की तैयारी के तहत खरीदारी भी की थी। लेकिन अचानक युवती द्वारा किसी अन्य युवक से शादी करने की जानकारी मिलने से अभिषेक गहरे अवसाद में चला गया।
परिजनों के मुताबिक प्रेमिका और उसके होने वाले पति ने अभिषेक से भावनात्मक रूप से दूरी बनाते हुए उससे काफी रकम भी खर्च करवाई थी। इसी मानसिक दबाव और भावनात्मक आघात के चलते अभिषेक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन सिटी कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए युवती और उसके होने वाले पति से सख्त पूछताछ की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि दोनों से कड़ाई से पूछताछ की जाए, तो सच्चाई सामने आ सकती है।
इधर पुलिस का कहना है कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
