SPORTS GLORY : बेटी खुशबु नाग ने रचा इतिहास; दिल्ली के शेरू क्लासिक में जीता गोल्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप, केदार कश्यप ने दी बधाई!…NV News
Share this
NV News, रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और सुदूर वनांचल क्षेत्र अबूझमाड़ की एक होनहार बेटी ने राष्ट्रीय मंच पर कामयाबी का ऐसा परचम लहराया है, जिससे पूरा प्रदेश गर्व से फूला नहीं समा रहा है। अबूझमाड़ की रहने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुशबु नाग ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित ऐतिहासिक भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित ‘IHFF Sheru Classic 2026’ प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। खुशबु ने अपनी श्रेणी में न सिर्फ शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया, बल्कि प्रतियोगिता में ‘ओवरऑल चैंपियन’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है।
इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे नारायणपुर जिले, बस्तर अंचल और छत्तीसगढ़ में जश्न और भारी उत्साह का माहौल है। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा नारायणपुर के क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप ने सोशल मीडिया के जरिए खुशबु नाग की इस शानदार सफलता पर उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने बधाई संदेश में कहा कि अबूझमाड़ जैसे बेहद सुदूर और चुनौतीपूर्ण अंचल से निकलकर देश की इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सर्वोच्च सम्मान (गोल्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप) हासिल करना बेहद गौरव और प्रेरणा की बात है। खुशबु नाग की यह स्वर्णिम सफलता इस बात का जीवंत प्रमाण है कि अगर मन में दृढ़ संकल्प, अटूट आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत करने का जज्बा हो, तो दुनिया का कोई भी मुकाम और बड़ा से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज हमारे छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल, कला और विज्ञान जैसे हर मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और सफलता की नई गाथाएं लिख रही हैं। खुशबु नाग ने राष्ट्रीय पटल पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मंत्री कश्यप ने उम्मीद जताई कि खुशबु आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ की इस बेटी ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची प्रतिभा और लगन के सामने कोई भी परिस्थिति या चुनौती बाधा नहीं बन सकती। खुशबु की यह जीत राज्य की हजारों बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेगी।

