चरित्र शंका में खूनी खेल; ग्रामीणों की बात सुनकर भड़का पति, पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार!…NV News
Share this
NV News, बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पति ने महज चरित्र शंका (कैरैक्टर पर शक) के चलते अपनी ही पत्नी की डंडे और हाथ-पैरों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक और सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला सामरीपाठ थाना इलाके का है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति को गांव के ही कुछ ग्रामीणों ने आकर यह जानकारी दी कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति के साथ गांव में एक पकरी पेड़ के नीचे बैठी हुई है। ग्रामीणों की यह बात सुनते ही पति का खून खौल उठा और वह गुस्से से आगबबूला होकर सीधे मौके पर पहुंच गया। वहां पत्नी को देखते ही उसका विवाद शुरू हो गया।
गुस्से में अंधा हो चुके पति ने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने डंडे, लात और घूंसों से महिला को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। चोटें इतनी गंभीर थीं कि तड़प-तड़पकर महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की खबर मिलते ही सामरीपाठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पति को घेराबंदी कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

