CM GRATITUDE : नई रेल लाइन की अधिसूचना पर सीएम विष्णुदेव साय ने जताया पीएम मोदी और रेल मंत्री का आभार; बोले- जशपुर के विकास में जुड़ेगा नया अध्याय!….NV News

Share this

NV News, रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा’ नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित (Notified) किए जाने पर खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति समस्त प्रदेशवासियों की ओर से गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि केंद्र सरकार का यह बड़ा फैसला जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास को एक नई और ऐतिहासिक दिशा देगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के आपसी तालमेल और मजबूत प्रयासों से आज जशपुर के विकास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ रहा है। आजादी के बाद से ही लंबे समय तक रेल कनेक्टिविटी की बाट जोह रहे जशपुर जिले को इस बड़े प्रोजेक्ट के जरिए पहली बार देश के मुख्य रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ने का रास्ता साफ हो गया है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से अंचल की जनता को न सिर्फ सुरक्षित और सुलभ आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक ताने-बाने को भी जबरदस्त मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जशपुर की तारीफ करते हुए कहा कि प्राकृतिक संपदा, बेजोड़ पर्यटन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से सराबोर जशपुर जिला अब इस रेल परियोजना की बदौलत देश के बड़े-बड़े आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से सीधे तौर पर जुड़ सकेगा। रेल कनेक्टिविटी आने से स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन, व्यापार और उद्योगों का तेजी से विस्तार होगा, जिससे वनांचल के युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने अंत में दोहराया कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Share this

You may have missed