पानी के लिए खूनी संघर्ष: ऑटो ड्राइवर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, हालत गंभीर…NV News

Share this

NV News बिलासपुर- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पानी की बूंद-बूंद के लिए मचे हाहाकार के बीच एक खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पीने के पानी और मोटर पंप चालू करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने एक ऑटो ड्राइवर के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मोटर पंप चालू करने को लेकर हुई थी। पड़ोसियों के बीच हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। तैश में आए हमलावरों ने धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से ऑटो ड्राइवर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए।

घायल युवक की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने की कोशिश कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

यह घटना भीषण गर्मी के दौरान जल संकट के चलते उपजे आक्रोश और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। बिलासपुर के कई इलाकों में पानी की किल्लत को लेकर अक्सर विवाद की खबरें आती रहती हैं, लेकिन घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमले की इस वारदात ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed