वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं, आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है: संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जी.आर.ए. स्कूल, जूनाडीह में आयोजित एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में खुद पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया और पर्यावरण को बचाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी को जरूरी बताया।

अपने संबोधन में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर साबित होगा। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल करना भी बेहद महत्वपूर्ण है, तभी पौधारोपण का यह अभियान एक वास्तविक जनआंदोलन का रूप ले सकेगा।

विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए संस्कृति मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्रों को हर साल कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी रक्षा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति के सच्चे संदेशवाहक बनकर समाज में सकारात्मक और हरित बदलाव लाएंगे।

Share this

You may have missed