शराब के नशे में हैवान बना पति: शराब खत्म होने पर पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, होश आने पर शव से लिपटकर रोया फूट-फूटकर…NV News
Share this
NV News कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव में शराब के विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी रोजी-मजदूरी का काम करते थे। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। रविवार को दोनों ने घर पर साथ बैठकर शराब पी थी, लेकिन शराब खत्म होने के बाद दोनों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया।
नशे में धुत पति इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने तैश में आकर अपनी पत्नी अगहन बाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद ही गांव वालों के पास जाकर घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, जब आरोपी का नशा उतरा और वह होश में आया, तो उसे अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद वह अपनी मृत पत्नी के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उरगा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

