Sarang Helicopter Display Team CG: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में गूंजेगा भारतीय वायु सेना का पराक्रम, 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में होगा भव्य एयर शो…NV News
Share this
NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर इस बार आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का आत्मीय स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
2 नवंबर को सेंध लेक में होगा भव्य एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस विशेष हवाई प्रदर्शन के दौरान वायु सेना के पांच कुशल पायलट स्वदेशी तकनीक से बने उन्नत हल्के ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में अचंभित करने वाले करतब दिखाएंगे।
युवाओं के लिए प्रेरणा और स्वदेशी तकनीक का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सारंग टीम का यह साहसिक प्रदर्शन प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा। खास बात यह है कि इस डिस्प्ले टीम में दो महिला पायलट (स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया) भी शामिल हैं, जो प्रदेश की बेटियों को ऊंचे सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देंगी।
टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार कर रहे हैं। दुनिया की चुनिंदा तीन एयरोबैटिक हेलीकॉप्टर टीमों में शुमार ‘सारंग’ टीम के राष्ट्रीय पक्षी मोर के डिजाइन वाले रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों का यह समन्वय दर्शकों को रोमांचित कर देगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित रहे।

